Wednesday, October 30, 2013

आजमगढ़ रैली की तैयारी में एसपी ने झोंकी पूरी ताकत

आजमगढ़ रैली की तैयारी में एसपी ने झोंकी पूरी ताकत

प्रसं, लखनऊ : आजमगढ़ में 29 अक्टूबर को होने वाली रैली में समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी के एक दर्जंन से ज्यादा मंत्रियों ने आजमगढ़ में डेरा डाल दिया है। सभी जिलों को भीड़ जुटाने के भी निर्देश दे दिए गए हैं।

एसपी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने यादवों और मुसलमानों की बेल्ट के बीच होने वाली इस रैली को नरेंद्र मोदी की रैली से बड़ा करने का लक्ष्य सभी नेताओं को दिया गया है। मुलायम और अखिलेश रैली में 29 को ही पहुंचेंगे। लेकिन उससे पहले पंचायती राज मंत्री बलराम यादव, पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश यादव, मंत्री पारसनाथ यादव आजमगढ़ में डेरा डाले हुए हैं।

16 अक्टूबर से लेकर अब तक कई बार मंडल और जिलावार बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में रैली के लिए भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी मंत्रियों के साथ जिलाध्यक्ष और दूसरे पार्टी नेताओं को दी गई है। रैली के दौरान किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए पुलिस ने भी अपना पुख्ता इंतजाम कर रखा है। दरअसल आजमगढ़ में आरक्षण समर्थक भी सक्रिय हैं और इनका नेतृत्व बीजेपी सांसद रमाकांत यादव और अपना दल की विधायक अनुप्रिया पटेल कर रही हैं।

Monday, January 28, 2013

निबंध में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

निबंध में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
आजमगढ़: स्वामी विवेकानंद सामाजिक संस्थान द्वारा स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती पखवारे के तहत रविवार को सांस्कृतिक संध्या एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को अग्रसेन महिला महाविद्यालय में किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। परिणाम की घोषणा दस फरवरी को राहुल प्रेक्षागृह सिधारी में सांस्कृतिक संध्या के समापन समारोह में किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में काफी उत्साह दिखा। इसमें 15 स्कूलों के 350 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर निबंध लिखना था। इसके अलावा जनरल नॉलेज के भी कुछ प्रश्न दिए गए थे। कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को स्वामीजी के विचारों से अवगत कराना तथा उन्हें एक सशक्त व आदर्श मार्गदर्शन देना था। संस्था के महाप्रबंधक विभाष सिन्हा ने बताया कि यह कार्यक्रम दस फरवरी तक चलेगा। इसमें विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समापन राहुल प्रेक्षागृह में होगा। उसी समय सभी प्रतियोगिताओं के परिणाम की घोषणा की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी सम्मानित किए जाएंगे। समापन समारोह में जनपद के विद्वान युवाओं से अपने अनुभव बांटेंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे। इस दौरान जय प्रकाश, श्रवण कुमार, श्रीचंद, राजीव कुमार, अशोक, संतोष, केशरी, सुरेश, भोला आदि उपस्थित थे।

पंपू ने लोगों को बताया राष्ट्रधर्म

पंपू ने लोगों को बताया राष्ट्रधर्म
आजमगढ़: कमिश्नरी के सामने चाय बेचकर दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करने वाले महेंद्र उर्फ पंपू ने गणतंत्र दिवस पर अपनी दुकान फ्री कर दी। इस दौरान उसने न केवल लोगों को नि:शुल्क चाय पिलाई बल्कि जिम्मेदारियों का एहसास भी कराया।
वैसे तो पंपू हर साल गणतंत्र दिवस को दुकान फ्री कर देते हैं लेकिन इस बार उन्होंने दुकान को भव्य ढंग से सजाया था। माथे पर तिरंगा बनवाने के अलावा मूंछ को भी तिरंगा के रंग में पेंट करा दिया था। वह दुकान पर बैठे हर आने-जाने वाले को बुलाकर चाय पिलाते रहे। उन्होंने करीब साढ़े चार सौ लोगों को चाय पिलाई तथा राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी बताई। पंपू का यह राष्ट्र प्रेम देख लोग प्रभावित नजर आए।

प्रधानों के साथ खेल में चित्त हो गए कर्मचारी

प्रधानों के साथ खेल में चित्त हो गए कर्मचारी
मुबारकपुर/अमिलो (आजमगढ़): सठियांव इंटर कॉलेज के सामने स्थित मैदान में प्रधान संघ एवं कर्मचारी संघ के बीच शनिवार को क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रधान संघ ने कर्मचारी संघ को साठ रनों से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
टास प्रधान संघ ने जीता और निर्धारित दस ओवरों में 122 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में खेलने उतरी कर्मचारी संघ की टीम मात्र 62 रन बनाकर आल आउट हो गई। शुभारंभ पूर्व ब्लाक प्रमुख सुभाष सिंह समेंदा ने किया, जबकि खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का आरंभ किया।
टास जीतने के बाद प्रधान संघ की ओर से दिनेश गुप्ता व कमलेश प्रधान की जोड़ी ओपनिंग करने मैदान में उतरी। स्टोर बाबू राजेश की बाल पर दिनेश ने चौका मारा लेकिन दूसरी बाल पर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर रानीपुर के प्रधान त्रिपुरारी मैदान में आए और स्कोर को आगे बढ़ाया। प्रधानों की ओर से गुफरान ने शानदार 37 रन जोड़े। प्रधान संघ ने पांच विकेट के नुकसान पर 121 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य को प्राप्त करने को उतरी कर्मचारी संघ की टीम आठ विकेट पर निर्धारित ओवर में मात्र 62 रन बनाकर सिमट गई। कर्मचारी संघ की ओर से अमित ने 30 रन, अजय और विश्वदीप ने सात व छह रन बनाए। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शशिभूषण सिंह ने तीन विकेट लिए। दूसरे मैच में सफाई कर्मचारी और पंचायत मित्र संघ का मुकाबला हुआ। इसमें सफाई कर्मचारियों की टीम भारी पड़ी। विजेता टीम को सहायक विकास अधिकारी पंचायत मक्कल यादव, शशिभूषण सिंह, सुरेश यादव ने शील्ड प्रदान किया।
इस मौके पर प्रकाश प्रधान, अमरेश यादव, दिलीप राजभर, राजेश कुमार, शमसुद्दीन, अशोक कुमार, बाबुल श्रीवास्तव, नंदा बाबू, तैयब पालकी, योगेन्द्र चौहान, सूर्यभान, छोटू बाबा, संदीप यादव आदि उपस्थित थे।

विकलांगों को दिया गया उपकरण

आजमगढ़: भारत विकास परिषद एवं जनसेवाश्रम बरदह के संयुक्त तत्वावधान में पांच जनवरी को चयनित किए गए विकलांगों को रविवार को श्रीजी मैरेज हाल बयासी में समारोह का आयोजन कर कृत्रिम अंग लगाया गया।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि यह एक नेक पहल है। विकलांगों की सेवा ईश्वर की सेवा के समान है। संस्था ने विकलांगों को उपकरण व कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर जो कार्य किया है वह सराहनीय है। इस मौके पर ओंकार प्रसाद अग्रवाल, रामनयन शर्मा, अभिषेक, रामनयन, दीनू जायसवाल, डॉ. अशोक, पदमाकर गुप्ता, आनंद मोहन, राजेंद्र, जेआर विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे।

हादसे में अधिवक्ता की मौत, साथी घायल

बरदह/ठेकमा/भीरा (आजमगढ़): वैवाहिक कार्यक्रम से मित्र के साथ बाइक से घर लौट रहे अधिवक्ता की उनके गांव के पास ही सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुर्घटना में मृतक के साथ रहा मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना बरदह थाना क्षेत्र के बऊआपार गांव स्थित मोड़ के पास रविवार की शाम करीब छह बजे हुई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग एक घंटे तक स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर गोरखपुर-इलाहाबाद मार्ग अवरुद्ध रखा।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुड़हर गांव निवासी शमशाद (30) पुत्र हीर मुहम्मद के ससुराल ग्राम फरिहां थाना क्षेत्र निजामाबाद में रविवार को वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित था। इसमें शामिल होने के लिए शमशाद अपने मित्र अधिवक्ता फिरोज (35) पुत्र शमशाद की मोटरसाइकिल से ससुराल गया था। शाम को दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। गांव के पास ही तेज गति से आ रही इंडिगो कार की चपेट में आने से वे बच गए और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जाकर पुलिया से टकराई गई। कार से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बाइक गिरी और तभी जौनपुर की ओर जा रहा ट्रक सड़क पर गिरे अधिवक्ता फिरोज को रौंदते हुए निकल गया। इस दुर्घटना में फिरोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शमशाद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर पाकर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गति अवरोधक बनाने की मांग को लेकर रास्ता जाम कर दिया। घटना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मांग पूरी करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस की लेट लतीफी से जनता में आक्रोश व्याप्त है। दुखद बात यह है कि मृत फिरोज की एक पुत्री है और उसकी पत्‍‌नी ने नवजात शिशु को रविवार की सुबह जन्म दिया है। वहीं घायल शमशाद के दो पुत्र व एक पुत्री बताए गए हैं। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।

व्यवसायी हत्याकांड में वांछित दो गिरफ्तार

मुबारकपुर/अमिलो (आजमगढ़): गल्ला व्यवसायी अंगद जायसवाल को बीते छह जनवरी की शाम गोली मारकर लूट लेने के मामले में वांछित दो आरोपी रविवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गौरतलब है कि शहर के मुकेरीगंज मुहल्ला निवासी गल्ला व्यवसायी अंगद जायसवाल बीते छह जनवरी की शाम अपने मित्र रमाकांत सिंह उर्फ नन्हे सिंह के साथ मुबारकपुर क्षेत्र से तकादा कर बाइक से घर लौट रहे थे। मुबारकपुर कस्बे से सटे कारूपार मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने व्यवसायी अंगद जायसवाल को गोली मारकर उनके पास मौजूद लाखों की रकम लूट ली और कर फरार हो गए। पुलिस के लिए चुनौती बनी इस घटना में शामिल दो बदमाश लालू यादव एवं दीपक सिंह चार दिन पूर्व पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने रविवार को इस घटना में मुखबिरी करने वाले स्थानीय कटरा मुहल्ला निवासी शरीफ अहमद उर्फ गुड्डू पुत्र मुश्ताक तथा मेंहनगर थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव निवासी दुर्गेश उर्फ शेरू पुत्र रामजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की अभी भी पुलिस को तलाश है।