Saturday, January 26, 2013

आखिरी दम तक जारी रहेगी न्याय की लड़ाई

आखिरी दम तक जारी रहेगी न्याय की लड़ाई
आजमगढ़ : टीईटी संघर्ष मोर्चा की बैठक शुक्रवार को मेहता पार्क में हुई। इसमें शिक्षक नियुक्ति सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। सरकार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण में जाने का निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने कहा कि सरकार के कदम से टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का भारी नुकसान हुआ है। यहीं नहीं योग्य शिक्षकों के चयन का रास्ता भी बंद हो चुका है। प्राथमिक अध्यापक की नियुक्ति पूर्व में जारी विज्ञप्ति के अनुसार ही होनी चाहिए। राजेश यादव ने कहा कि सरकार द्वारा बेरोजगारों के साथ जो अत्याचार किया जा रहा है उसे सहन नहीं किया जाएगा। इसका जवाब हम लोकसभा चुनाव में देंगे। अंत में हाई कोर्ट में याचिका दायर करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर सुशील कुमार गौतम, राजेश कुमार, बृजभूषण भारती, आलोक कुमार सिंह, विनय चौरसिया, महेंद्र यादव, अरविंद कुमार, रवींद्र यादव, राकेश चंद्र, संदीप श्रीवास्तव, श्रीकांत, मनोज, भारत भूषण, धर्मेद्र कुमार वर्मा, दीनानाथ, सौरभ, राजित, उमेश, रामकृष्ण आदि उपस्थित थे।

प्रकृति के कहर पर भारी पड़ी अकीदत

प्रकृति के कहर पर भारी पड़ी अकीदत
आजमगढ़ : मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद जिले में बारावफात का त्योहार अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह से जहां तोरणद्वार बनाने में लोग लगे रहे वहीं दोपहर बाद जुलूस निकाला गया। मस्जिदों व घरों को झालरों से सजाया गया था।
शहर में निसवां इंटर कॉलेज के पास मैदान में जिले की दो दर्जन अंजुमनें पहुंचीं और वहां से जुलूस निकाला गया। जुलूस पहाड़पुर, तकिया, कोट, जामेतुर्रशाद, गुलामी का पूरा, बाज बहादुर, किला कोट, दलालघाट, पुरानी कोतवाली, चौक, पुरानी सब्जीमंडी, कटरा, बदरका, करबला मैदान, पांडेय बाजार होते हुए जामा मस्जिद पहुंची जहां मौलाना की तकरीर के साथ जुलूस संपन्न हुआ।
इससे पूर्व मेन रोड तकिया पहाड़पुर पर सभी अंजुमनों का खैर मकदम किया गया जिसमें कैबिनेट मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव एवं सपा नेता परवेज अहमद ने भी शिरकत किया। अंजुमन गुलशने रसूल की तरफ 25 वर्षो से हुजूर की आमद में तकिया से पहाड़पुर रोड को लाइट से सजाया गया और कैबिनेट मंत्री की तरफ से सभी 25 अंजुमनों को उपहार भेंट किया गया। आने-जाने वाले अंजुमनों पर फूलों की बारिश लगातार चलती रही तथा सभी अंजुमनों के लिए नाश्ते का इंतजाम किया गया। इस अवसर पर परवेज अहमद, नदीम खान, अबरार, अदनान, हलीम, बख्तयार अहमद, रेहान, अब्दुल्लाह, कमरुद्दीन, शाहिद, अशरफ, रियाज, अब्दुल्लाह, राजू, मुश्ताक, इमरान शादिक आदि उपस्थित थे।

Thursday, January 24, 2013

स्वागत ने कराया सम्मान का अहसास


जीयनपुर (आजमगढ़): मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित गीत संगीत के द्वारा मतदाता जागरुकता अभियान के तहत 21 व 22 जनवरी को लखनऊ स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय राजाजीपुरम में अंतर विश्व विद्यालय प्रतियोगिता में क्षेत्र के गंगा गौरी महाविद्यालय बैजाबारी के स्वयंसेवकों ने बेहतर प्रदर्शन किया। विद्यालय में उनका सम्मान भरा स्वागत किया गया।
इन्हें गीत प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। इस प्रतियोगिता में कुल 16 विद्यालयों के सेवक व सेविकाओं ने भाग लिया। इसके पूर्व 18 व 19 जनवरी को जौनपुर में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के दो दिवसीय शिविर में विद्यालय के छात्रों का चयन हुआ था। गुरुवार को जनपद पहुंचने पर स्वयंसेवक विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गीत-संगीत के इस प्रोग्राम का प्रसारण ईटीवी पर एक सप्ताह आएगा। इस अवसर पर डॉ. तेज बहादुर सिंह, डॉ. मनोज सिंह, रवि, सुशील, सूर्यप्रकाश, अजय, गिरीश आदि उपस्थित थे।

तिरंगे को सैल्यूट देगी खाकी


आजमगढ़ : गणतंत्र दिवस पर जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। एक तरफ जहां बीएसए द्वारा विद्यालय प्रबंधनों को कार्यक्रम आयोजन के संबंध में हिदायत दी गई है वहीं स्थानीय स्तर पर भी लोग तैयारियों में लगे हुए हैं। 26 जनवरी को पुलिस लाइन में खाकी वर्दी पहने पुलिस के जवान तिरंगे को सैल्यूट देंगे। जवानों ने पुलिस लाइन में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में परेड का पूर्वाभ्यास किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सोमारू प्रधान ने गुरुवार को सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि सुबह सात से 8.30 बजे के बीच प्रभातफेरी निकाली जाए। इसमें बच्चे झंडे व स्लोगन लिखी तख्तियों के साथ भाग लें। दस बजे ध्वजारोहण का कार्यक्रम कराया जाए। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता अखंडता के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक रामचेत ने इंटर कॉलेजों में ध्वजारोहण के बाद वाद-विवाद, खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी छात्रों का सम्मान आदि के लिए निर्देशित किया है।

43 लोगों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई

आजमगढ़ : अलग-अलग थानों की पुलिस ने आधा दर्जन विभिन्न मामलों में बुधवार को 43 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार मेंहनगर थाना क्षेत्र के भोरमपुर ग्राम निवासी रमेश राम जहानागंज ब्लाक में ग्राम विकास अधिकारी पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि बुधवार को लक्ष्मीपुर ग्राम निवासी राजेश सिंह पुत्र रणधीर सिंह ने ब्लाक परिसर में जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पीड़ित को मारापीटा। बरदह थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर ग्राम निवासी वसीम अहमद ने बीते 18 जनवरी को आरोप लगाया कि शाहजहा सहित तीन लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे मारापीटा। तरवा थाना क्षेत्र के भुसवा ग्राम निवासी सिंटू सिंह ने बुधवार को तहरीर देकर आरोप लगाया कि पंकज सिंह सहित आधा दर्जन लोगों ने उसे मारापीटा। इसी थाना क्षेत्र के नदवा ग्राम निवासी रामाश्रय सिंह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि शिवमूरत सिंह सहित 28 लोगों ने एक भोज के दौरान पीड़ित को मारापीटा। देवगाव कोतवाली क्षेत्र के रेवसा ग्राम निवासी विनोद तिवारी ने बीते 15 जनवरी को आरोप लगाया कि रिंकू कश्यप सहित चार लोगों ने उसे मारापीटा और जानमाल की धमकी दी। तहबरपुर थाना क्षेत्र के नैपुरा ग्राम निवासी लेखपाल विजय बहादुर यादव ने देवगाव कोतवाली में आरोप लगाया कि बैरमपुर गाव में बड़ागाव निवासी अग्निदेव ने अवैध तरीके से भूमि कब्जा किया है।

ठंड ने ली साधू समेत दो की जान

आजमगढ़ : जनपद में ठंड का कहर जारी है। बीते 24 घटे के भीतर ठंड के प्रकोप से साधू सहित दो लोगों की मौत हो गई तो वहीं एक घटना में सदमे से युवक की वृद्ध मा भी चल बसीं।
रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर ग्राम निवासी देवनाथ विश्वकर्मा (55) पुत्र घुरहू लगभग 16 वर्ष पूर्व विवाह के बाद घर छोड़कर रानी की सराय क्षेत्र में वैराग्य का जीवन व्यतीत करने लगा। कई माह पूर्व वह सेठवल गाव स्थित मशानी धाम पर रहकर झाड़-फूंक करता था। उसकी पहचान पीठ पर कम्बल व त्रिशूल के रूप में थी। बुधवार की शाम अचानक उसे कंपकपी उठी और ग्रामीणों को उसने ठंड लगने की जानकारी दी। ग्रामीण स्थानीय स्तर पर उसका उपचार कराए लेकिन कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पूरी रात ग्रामीण एक दर्जन की संख्या में शव के पास खड़े रहे। गुरुवार की सुबह ग्रामीण शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे कि उसी दौरान सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मौत का कारण संदिग्ध मान शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमिलो प्रतिनिधि के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद ग्राम निवासी श्रीराम (40) पुत्र सोहबत राम बुधवार की रात झोपड़ी में सोया था। रात में उसे ठंड लग गई। परिजन उसका स्थानीय स्तर पर इलाज कराए लेकिन कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर के बाद श्रीराम की मा श्यामरथी (60) को सदमा लगा और लगभग दो घटे बाद उसने भी दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर पूरे गाव में शोक व्याप्त हो गया। गुरुवार की सुबह एक घर से मा-बेटे की अर्थी एक साथ उठते देख गाव का माहौल गमगीन हो गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

जिलाधिकारी के निर्देश पर हटा अतिक्रमण


जीयनपुर (आजमगढ़) : शासन द्वारा चलाए जा अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत गुरुवार को एसडीएम सगड़ी द्वारा अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। एसडीएम ने बताया कि जयराजपुर निवासी नेसार अहमद और असरार अहमद की भूमि पर जो स्थानीय तहसील के ही कप्सा गांव में स्थित है। उसे दबंगों द्वारा कब्जा कर लिया गया था। पीडि़तों द्वारा जिलाधिकारी से मिलकर उक्त जमीन से कब्जा हटवाने की मांग की गई थी। जांच में पाया गया कि पीड़ितों की जमीन पर वास्तव में दबंगों द्वारा कब्जा किया गया है। तत्पश्चात जिलाधिकारी के निर्देश पर जेसीबी मशीन द्वारा अतिक्रमण को हटाया गया। इस मौके पर कन्धरापुर एसओ सुरेश सिंह भारी संख्या में पुलिस के साथ मौजूद थे।